उन्नाव। बीघापुर क्षेत्र की महिला ने जेठ पर दुष्कर्म करने और वीडियो बनाकर कई महीने ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पीड़िता के प्रार्थनापत्र पर न्यायालय ने पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया है।
बीघापुर निवासी महिला ने न्यायालय को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि उसके पति पंजाब में रहकर काम करते हैं। वह बच्चों के साथ ससुराल के पुश्तैनी घर में रहती थी। आरोप है कि वर्ष 2018 में जेठ ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। विरोध करने पर पीटा। पारिवारिक दबाव और बदनामी के डर से वह चुप रही।
वर्ष 2022 में होली के दिन जेठ ने घर में घुसकर, गर्दन पर चाकू लगाकर दुष्कर्म किया और मोबाइल से वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। कई महीने उसका शारीरिक शोषण किया। परेशान होकर वह पति के पास पंजाब चली गई। 23 अप्रैल 2026 को वहां से लौटने पर घर में कुछ लोग रहते मिले और अंदर रखा गृहस्थी का सामान भी गायब था। घर में रह रहे लोगों ने किराये पर रहने की जानकारी दी।
वह जेठ के घर पहुंची तो उसने पत्नी और बच्चों के साथ मिलकर पीटा। शिकायत करने पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया। न्यायालय ने बीघापुर कोतवाली पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया है। एसओ अश्विनी कुमार मिश्र ने बताया कि न्यायालय का आदेश अभी नहीं मिला है। निर्देशानुसार कार्रवाई की जाएगी।