उन्नाव। फेसबुक पर दो युवकों के बीच हुई दोस्ती के बाद एक ने लिंग परिवर्तन करा लिया। आरोप है कि लिंग परिवर्तन कराकर बनी युवती को युवक ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया और जेवर व नकदी समेत पांच लाख रुपये ऐंठ लिए। युवती ने न्यायालय की शरण ली तो कोर्ट ने महिला थाना प्रभारी को प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना करने के आदेश दिए हैं।
चंडीगढ़ के मेडिकल कॉलेज कर्मचारी ने न्यायालय को प्रार्थनापत्र दिया। उसने बताया कि वह जन्म से पुरुष था। वर्ष 2024 में उसकी पहचान फेसबुक के जरिये सफीपुर के युवक से हुई। कुछ दिन बातचीत के बाद दोस्ती बढ़ी और युवक ने शादी का भरोसा दिया। मार्च 2024 में आरोपी ने जरूरत बताकर करीब एक लाख रुपये ऑनलाइन हस्तांतरित कराए। जून 2024 में आरोपी उसके घर आया और नशीला पदार्थ पिलाकर अप्राकृतिक संबंध बनाए। आरोपी ने इसका वीडियो भी बना लिया था।
नवंबर 2024 में आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। उसने लिंग परिवर्तन कराने का दबाव बनाया। फरवरी 2025 में पीड़ित ने दिल्ली के एक अस्पताल में लिंग परिवर्तन कराया। इसके बाद आरोपी उसका शारीरिक शोषण करने लगा। वीडियो वायरल करने का डर दिखाकर आरोपी ने करीब चार लाख रुपये के आभूषण और एक बाइक भी ले ली।
14 मार्च को युवती आरोपी के घर पहुंची, जहां परिजनों ने मारपीट कर भगा दिया। युवती ने पुलिस से शिकायत की, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय ने इसे संज्ञेय अपराध मानते हुए महिला थाना प्रभारी को 15 अक्तूबर तक प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। महिला थाना प्रभारी रेखा सिंह ने बताया कि मामला सफीपुर का था, इसलिए उन्होंने न्यायालय से इसे सफीपुर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया है।