पुरवा। क्षेत्र के 24 स्वास्थ्य उपकेंद्रों में 11 पर लंबे समय से एएनएम के पद रिक्त हैं। इससे टीकाकरण समेत अन्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। वहीं 15 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में तीन सीएचओ विहीन हैं। इससे मरीजों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
सीएचसी क्षेत्र के मिर्जापुर सुम्हारी, पासाखेड़ा, अटवा, सेमरी मऊ, चमियानी, बेहटा भवानी, गढ़ाकोला, पुरवा नगर, पिजरा और टोपरा समेत 11 स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर करीब तीन वर्ष से एएनएम की तैनाती नहीं है। विभाग दूसरे उपकेंद्रों की एएनएम को लगाकर टीकाकरण और अन्य सेवाएं संचालित करा रहा है। एएनएम की कमी का असर गर्भवती महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण पर पड़ रहा है।
महिलाओं को जांच और इलाज के लिए लंबी दूरी तय करके सीएचसी जाना पड़ता है। इसके साथ ही बाल स्वास्थ्य पोषण माह और मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी संबंधी अभियान भी प्रभावित हो रहे हैं। वहीं लंगरपुर, मझिगवां सदकू और उचगांवसानी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सीएचओ के पद रिक्त हैं। इससे इलाज के लिए मरीज निजी क्लीनिक पर महंगे दामों में इलाज कराने को निर्भर हैं। सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि रिक्त पदों की सूचना सीएमओ को दी गई है।