उन्नाव। कानपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय अधिवक्ता सम्मेलन में पारित सात सूत्री प्रस्तावों के समर्थन में बुधवार को उन्नाव बार एसोसिएशन की हड़ताल रही। अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से विरत रहने से न्यायिक कामकाज प्रभावित रहा।
बार एवं लायर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने, वरिष्ठ अधिवक्ताओं के लिए पेंशन योजना शुरू करने, बार काउंसिल चुनाव नियमों में सुधार तथा हड़ताल के दौरान अंडरटेकिंग देने की बाध्यता समाप्त करने समेत सात मांगें उठाई गई थीं।
मांगें पूरी नहीं होने पर उन्नाव बार एसोसिएशन की साधारण सभा में अध्यक्ष रतींद्र प्रताप सिंह और महामंत्री आनंद कुमार सिंह ने न्यायिक कार्य से विरत रहने का प्रस्ताव रखा था। एसोसिएशन की सहमति पर लिए गए फैसले के आधार पर बुधवार को अधिवक्ता हड़ताल पर रहे। इससे न्यायिक काम प्रभावित रहा। महामंत्री आनंद कुमार सिंह ने बताया की हड़ताल की सूचना संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर दी गई थी। (संवाद)