उन्नाव। संक्रामक बीमारियों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को 30 बेड के इमरजेंसी वार्ड में 48 मरीजों को भर्ती करना पड़ा। इनमें बुखार, डायरिया, पेट दर्द के अधिकांश मरीज शामिल रहे।
बारिश का मौसम बैक्टीरिया संक्रमण के लिए अनुकूल होता है। ऐसे में इन दिनों संक्रामक बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। खासकर कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोग जल्द संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। बच्चे और बुजुर्गों की प्रतिरोधक क्षमता सामान्य वयस्क के मुकाबले कमजोर होती है। इससे यह जल्द संक्रामक बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। बुधवार को इमरजेंसी वार्ड में बुखार के 10, पेट दर्द के छह, डायरिया के सात समेत अन्य संक्रामक बीमारियों व हादसों के घायलों को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया। सीएमएस डॉ. एसके शुक्ला ने बताया कि संक्रामक बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ी है। इससे व्यवस्थाएं कुछ प्रभावित हुई है। हालांकि सभी डॉक्टर व स्टाफ को मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं।