चकलवंशी। सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने गई टीम को ग्रामीणों के विरोध के कारण बैरंग लौटना पड़ा। घटना हसनगंज तहसील के रनागढ़ी गांव की है।
रनागढ़ी के निखिल सिंह ने 22 सितंबर को जिलाधिकारी से शिकायत की थी। उन्होंने गांव की करीब 25 बीघा ऊसर, पशुचर और खेल मैदान की जमीन पर अवैध कब्जे की बात बताई थी। बुधवार को कानूनगो व लेखपाल पुलिस बल के साथ पहुंचे। गांव की महिलाएं जेसीबी के सामने खड़ी हो गईं। मामला बढ़ता देख शाम करीब छह बजे टीम को वापस बुला लिया गया। थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने सुरक्षा के लिए पुलिस बल की मौजूदगी बताई। नायब तहसीलदार पंकज यादव ने बैठक के कारण टीम के साथ न जा पाने की जानकारी दी। जल्द ही सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।