इमरजेंसी वार्ड के बाहर आपस में मारपीट करते दोनों पक्ष के लोग। स्रोत: वीडियो
- फोटो : 1
उन्नाव। सांस की समस्या से जूझ रही बच्ची को रेफर करने के बाद इमरजेंसी वार्ड के बाहर ननिहाल और पिता पक्ष के लोग भिड़ गए। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी ऐसे वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के ईदगाह निवासी नदीम की एक साल की बेटी इसरा को सांस लेने में तकलीफ है। शुक्रवार को हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. बृज कुमार ने बच्ची की हालत नाजुक देखकर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर लिया। करीब 24 घंटे बाद भी उसकी हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर करने का सुझाव दिया।
इसी दौरान ननिहाल और पिता पक्ष के बीच इलाज और जिम्मेदारी को लेकर विवाद शुरू हो गया। इमरजेंसी वार्ड के अंदर पहले कहासुनी हुई और फिर मारपीट होने लगी। हंगामे के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कराकर मामला शांत कराया। सीएमएस डॉ. एसके शुक्ला ने बताया कि आपसी विवाद था। किसी ने शिकायत नहीं की है।