अचलगंज। थाना क्षेत्र बंथर गांव में फैक्टरी श्रमिक का शव शनिवार सुबह घर के अंदर फंदे से लटका मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। परिजन घटना की वजह नहीं बता सके।
अचलगंज थाना के बंथर गांव निवासी बुद्धीलाल ने बताया कि छोटा भाई कन्हई (20) गहिरा स्थित फैक्टरी में नौकरी करता था। शुक्रवार रात काम से लौटने के बाद उसने खाना खाया और कमरे में सोने चला गया। सुबह मां शांति देवी जब चाय के लिए जगाने पहुंची तो पंखे के कुंडे से बंधे रस्सी के फंदे से उसका शव लटका देख चीख पड़ी। परिजनों ने ही शव को फंदे से उतारा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कन्हई पांच भाइयों में तीसरे नंबर का और अविवाहित था। एक वर्ष पहले दूसरे नंबर के भाई टईयां ने जहर खाकर जान दी थी। कन्हाई की मौत से मां शांति देवी, भाई बुद्धीलाल, रोहित, मोहित समेत अन्य परिजन बेहाल हैं।
एसओ सुब्रत नारायण त्रिपाठी ने बताया कि परिजन घटना की वजह नहीं बता सके हैं। किसी तरह का कोई आरोप भी नहीं है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।