बांगरमऊ। कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ मार्ग पर आसत गांव में सड़क पार कर रही बच्ची को वाहन ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। परिजन ने बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के आसत गांव निवासी ब्रजकिशोर का मकान लखनऊ मार्ग पर सड़क किनारे है। शुक्रवार की दोपहर करीब तीन बजे बेटी वैष्णवी (8) सड़क पार कर रही थी। तभी तेज रफ्तार वाहन बच्ची को टक्कर मारते हुए निकल गया। इससे बच्ची उछलकर दूर जा गिरी। चाचा बबलू बच्ची को लेकर सीएचसी गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने बच्ची की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने वैष्णवी को मृत घोषित कर दिया। देर शाम शव लेकर परिजन घर पहुंचे। शनिवार सुबह परिजन ने बिना किसी पुलिस कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। बच्ची की मौत से परिजन बेहाल हैं। (संवाद)