फोटो- 22-सब्जी मंडी में हरी सब्जियां खरीदते लोग। संवाद
गंजमुरादाबाद। बारिश का मौसम शुरू होते ही हरी सब्जियां दागी होने लगी हैं। मंडी में आवक कम होने से हरी सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे हैं। इससे महिलाओं के किचन का बजट बिगड़ने लगा है।
बारिश शुरू होने से क्षेत्र के रतईपुरवा, सिरधरपुर, बगिया, गहरपुरवा, भगवंतपुरवा, देवखरी, जाफराबाद, जसरापुर, बल्लापुर, कुशराजपुर आदि क्षेत्र में बोई गई हरी सब्जियां दागी होने लगी हैं। इससे नगर की सब्जी मंडी में हरी सब्जियों की आवक कम होने से कीमतों में जबरदस्त इजाफा हुआ है। एक सप्ताह पूर्व तक 10 रुपये किलो बिकने वाली तरोई अब 40 रुपये, 10 रुपये वाला कद्दू 30 रुपये, 20 रुपये किलो वाली भिंडी 40 रुपये किलो बिकने लगी है। इसी तरह टमाटर, लोबिया, बैंगन, हरी मिर्च, हरी धनिया, परवल आदि सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं। इससे महिलाओं की रसोई का बजट प्रभावित हो गया है।
राजकीय कृषि बीज भंडार प्रभारी मुकेश सिंह ने बताया कि बारिश के मौसम में हरी सब्जियों के दागी हो जाने से मंडी में आवक कम हो जाती है। इससे उनका महंगा हो जाना स्वाभाविक है। जब तक अगली फसल तैयार नहीं हो जाती तब तक इनके भाव गिरने की संभावना नहीं है। (संवाद)