असोहा। रविवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से जीजा-साले की मौत हो गई थी। सोमवार को दोनों के शव उनके गांव पहुंचे तो परिजन में चीख पुकार मच गई। गिलसहामऊ में साले तो चौपई गांव में जीजा के शव का परिजन ने अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना क्षेत्र के भटपुरा निवासी रामभजन की मौत होने पर सोहरामऊ थाना के चौपई निवासी समधी सूरत रावत, रविवार दोपहर भटपुरा आए थे। इसके बाद क्षेत्र के गिलसहामऊ निवासी रिश्ते में फुफेरे साले रज्जन के साथ बर्फ लेने बाइक से कालूखेड़ा जा रहे थे। कालूखेड़ा-असोहा मार्ग पर सेरवैया मोड़ के पास सामने से डस्ट लादकर आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से दोनों के घायलों को सीएचसी में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया था। रज्जन के बेटे राजवीर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू की थी।
थानाध्यक्ष फूल सिंह ने बताया कि रज्जन के बेटे राजकिशोर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। चालक की तलाश की जा रही है।
एक माह में परिवार के दो सदस्यों की मौत से सदमे में परिजन
हादसे का शिकार हुए गिलसहामऊ निवासी रज्जन रावत के पारिवारिक भतीजा सुनील रावत एक माह पहले गांव के बाहर भैंस से टकरा कर घायल हो गया था। लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। परिवार अभी सुनील की मौत के सदमे से उबर नहीं पाया था कि रज्जन की हुई मौत से सभी को फिर से झकझोर दिया।