पाटन। बिहार थाना क्षेत्र के भगवंतनगर-चैनपुर मार्ग पर असईखेड़ा के पास सामने आ रहे ट्रक से बचने की कोशिश में बाइक फिसल गई। बाइक पर बैठी वृद्धा सड़क पर गिर गई और ट्रक के पहिये से कुचल कर मौत हो गई। बाइक चला रहे बेटे को हल्की चोटें आईं हैं।
बिहार थाना क्षेत्र जालापुर निवासी शिवमंगल सोमवार सुबह 11 बजे मां नन्हकी (75) को दवा दिलाने भगवंतनगर जा रहे थे। चैनपुर-भगवंतनगर मार्ग पर असईखेड़ा के पास सामने से आ रहे ट्रक से बचने के लिए बाइक किनारे की। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से बाइक फिसल गई। सड़क की ओर गिरीं नन्हकी के ऊपर से ट्रक का पहिया निकल गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मां की मौत से इकलौता बेटा शिवमंगल बेहाल है। थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि ट्रक का कब्जे में ले लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।