फोटो-10- ट्रॉफी के साथ विजेता टीम के खिलाड़ी। स्रोत: आयोजक
मौरावां। ब्लॉक हिलौली के बचुआखेड़ा स्टेडियम में आयोजित एचपीएल ग्रामीण नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का बृहस्पतिवार को फाइनल मैच खेला गया। हिलौली की टीम लालूमर की टीम को 29 रन से हराकर चैंपियन बनी।
प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला हिलौली और पश्चिमगांव के बीच खेला गया। पश्चिमगांव टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 117 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। अरुण कुमार ने 78 रन की बेहतरीन पारी खेली। जवाब में हिलौली टीम ने छह विकेट से यह मैच जीत लिया। शिवम पाल ने सर्वाधिक 66 रन बनाए।
लालूमर और अकोहरी टीम के बीच हुए दूसरे सेमीफाइनल में अकोहरी टीम ने टॉस जीतकर लालूमर की टीम ने बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। लालूमर टीम के दिए 101 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अकोहरी टीम 95 रन ही बना सकी। फाइनल मुकाबले में हिलौली टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 85 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लालूमर की टीम 56 रन पर ही सिमट गई। 29 रन से जीत दर्ज कर हिलौली टीम चैंपियन बनी। मैन ऑफ द मैच फरमान रहे। विजेता टीम को आयोजक मंडल ने ट्रॉफी और 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया। उपविजेता टीम को ट्रॉफी और 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।