फोटो-17- अजगैन-मोहान मार्ग पर नवई गांव के पास लगाया गया हाइट गेज। संवाद
हसनगंज (उन्नाव)। अजगैन-मोहान मार्ग पर हो रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रशासन ने मंगलवार देर शाम फिर नवई गांव के पास हाइटगेज लगवा दिया। इसके साथ ही पुछड़ा चौराहे पर बैरिकेडिंग कर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी। अमर उजाला ने दो मई को टोल बचाने के लिए खनिज वाहनों के चोर रास्तों से निकलने की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी।
अजगैन-मोहान 19 किलोमीटर लंबा मार्ग नवाबगंज, लखनापुर और नवई गांवों से होकर गुजरता है। लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, महिलाबाद समेत अन्य जनपदों की ओर जाने वाले वाहन टोल और परिवहन अधिकारियों की नजर से बचने के लिए इस मार्ग का लंबे समय से प्रयोग कर रहे रहे हैं। इन पर रोकथाम के लिए नवई गांव में हाइटगेज लगवाया गया था लेकिन भारी वाहनों की टक्कर से टूट गया था। इससे ग्रामीणों को हादसों को डर सता रहा था।
मंगलवार शाम पांच बजे नवई गांव में फिर से हाइट गेज लगा दिया गया। इसके बाद पुलिस ने पुछड़ा चौराहे पर बैरिकेडिंग कर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। अब वाहनों को मियागंज-चकलवंशी मार्ग से होते हुए कानपुर की ओर डायवर्ट किया जा रहा है।
क्षेत्राधिकारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नवई गांव के पास दोबारा हाइटगेज लगवाया गया है। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग पर सख्ती जारी रहेगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-17- अजगैन-मोहान मार्ग पर नवई गांव के पास लगाया गया हाइट गेज। संवाद