सफीपुर। कस्बे के मुख्य और लिंक मार्गों पर पूरे दिन जाम की स्थिति रहती है। वाहनों के गलत तरीके से खड़े होने और अतिक्रमण से यह समस्या और गंभीर हो गई है। इससे आए दिन हादसे भी होते हैं।
उन्नाव-हरदोई मार्ग पर कोतवाली, तहसील, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पोस्ट ऑफिस, दूरभाष कार्यालय और बैंक स्थित हैं। प्रतिदिन हजारों लोगों का आना-जाना होता है। मार्ग के दोनों ओर पटरी दुकानदारों और सब्जी विक्रेताओं का कब्जा है। सड़क किनारे कार और बाइक भी खड़ी रहती हैं। दिल्ली, बरेली, हरदोई, शाहजहांपुर जाने वाली रोडवेज बसें और हरदोई-उन्नाव चलने वाली प्राइवेट बसें भी सड़क किनारे सवारियां उतारती-चढ़ाती हैं। इससे मार्ग अक्सर जाम रहता है। गेस्ट हाउसों के कारण भी समस्या बढ़ जाती है। मांगलिक कार्यक्रमों के दौरान बड़ी संख्या में वाहन सड़क किनारे खड़े हो जाते हैं।
नानाराव पेशवा मार्ग और सफीपुर-परियर मार्ग की स्थिति भी समान है। इन सभी मार्गों पर दुकानदारों ने फुटपाथ पर कब्जा जमा रखा है। परियर होते हुए कानपुर जाने वाले मार्ग पर दिन भर वाहनों का आवागमन रहता है। बबर अली खेड़ा, राहतगंज बाजार और हाता बाजार में दुकानदार अपना सामान दुकानों के बाहर रखते हैं। ग्राहकों के वाहन सड़क पर खड़े होने से मार्ग जाम हो जाता है।
कस्बे के सभी मार्गों पर अतिक्रमण की समस्या को लेकर कई बैठकें हुई हैं। एसडीएम, कोतवाल और व्यापार मंडल के सदस्यों के बीच चर्चाएं हुईं। इन बैठकों में समस्या के समाधान पर विचार किया गया लेकिन अब तक अमल नहीं हो सका है। परिणामस्वरूप जाम की स्थिति जस की तस है।
वर्जन...
दुकानों के बाहर फुटपाथ का चिह्नांकन किया गया है। दुकानदारों को नोटिस भी दिया गया है कि वह तय की गई सीमा के आगे सामान या बैठने के लिए बेंच आदि न रखें। अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर चालान और जुर्माना की कार्रवाई भी की जाएगी। समय-समय पर अभियान जारी रहेगा। -शिवेंद्र वर्मा, एसडीएम।