असोहा। घर से मछली पकड़ने की बात कह कर निकले किसान का शव खेत में पेड़ पर गमछे के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजन घटना की वजह नहीं बता सके।
थाना क्षेत्र के गांव सोहो निवासी संतोष ने बताया कि भाई भवरेश (35) खेती करता था। बृहस्पतिवार सुबह लगभग नौ बजे वह गांव के बाहर तालाब में मछली पकड़ने की बात कहकर घर से निकला था। काफी देर तक वापस न आने पर ने खोजबीन की तो लगभग 11 बजे गांव से लगभग दो सौ मीटर दूर खेत में पेड़ में गमछे के फंदे से उसका शव लटका मिला। परिजनों की सूचना पर फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। भवरेश ने यह कदम क्यों उठाया इस बारे में परिजन कुछ नहीं बता सके। वहीं, ग्रामीणों में चर्चा है कि सुबह ही पत्नी से किसी बात पर उसका विवाद हुआ था। इसी के चलते उसने यह कदम उठा लिया। भवरेश की मौत से मां रजाना व पत्नी रेखा समेत अन्य परिजन बेहाल हैं।
एसओ फूल सिंह ने बताया कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।