नवाबगंज। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव में बृहस्पतिवार दोपहर महिला का शव घर के कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
अजगैन के सलेमपुर गांव निवासी दिलीप कुमार रावत की पत्नी गीता देवी (36) का शव बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे कमरे में साड़ी का फंदे से लटका मिला। घटना के वक्त पति मजदूरी करने गया था। बाहर खेल रहे बच्चे घर पहुंचे तो मां फंदे से लटका देख रोने लगे। बच्चों को रोना सुन पहुंचे पड़ोसियों ने दिलीप कुमार को सूचना दी।
दिलीप की सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। इसी बीच सूचना पाकर पुरवा कोतवाली क्षेत्र के मंगतखेड़ा निवासी परिजन भी पहुंच गए। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने सभी को समझाबुझा कर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पड़ोसियों में चर्चा रही कि बुधवार रात किसी से फोन पर बात करने को लेकर दिलीप और गीता में कहासुनी हुई थी। मृतका के दो बेटे व एक बेटी है।
अजगैन कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि पति की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मायके पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।