फोटो नंबर-26-हादसे में युवक की मौत के बाद ऊंचगांव-बक्सर मार्ग पर जाम लगाए ग्रामीण। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसीबीघापुर। बारासगवर थाना क्षेत्र में ऊंचगांव-बक्सर मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर बाइक में टक्कर मारते हुए निकल गया। पहिये की चपेट में आकर बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। पुलिस के काफी समझाने पर डेढ़ घंटे बाद सड़क से हटे।
बारासगवर थाना के नानमऊ गांव निवासी अजय (22) हरिशंकर शाम साढ़े सात बजे बाइक से जगतपुर बाजार जा रहे थे। ऊंचगांव-बक्सर मार्ग पर जगतपुर हनुमान मंदिर के पास, बक्सर की ओर जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे अजय सिर के बल सड़क पर जा गिरा और डंपर उसे कुचलते हुए निकल गया। अजय की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीणों की भीड़ लग गई। आक्रोशित भीड़ ने डंपर को पकड़ने और सख्त कार्रवाई के अलावा पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद की मांग को लेकर जाम लगा दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गईं। थानाध्यक्ष धर्मेंद्रनाथ मिश्रा ने जल्द से जल्द डंपर की पहचान कर उसे पकड़े और परिवार की हर संभव मदद का आश्वासन देकर शांत कराया। इसपर करीब डेढ़ घंटे बाद मार्ग का यातायात सामान्य हुआ। अविवाहित अजय माता-पिता का इकलौता बेटा था। शिक्षामित्र मां व दो बहनों समेत पूरा परिवार बेहाल है। एसओ ने बताया कि टक्कर मारने वाले डंपर का पता लगाया जा रहा है।