पुरवा। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण में गंभीर लापरवाही मिलने पर बीडीओ ने आठ ग्राम पंचायत सचिवों का मार्च का वेतन रोक दिया है। उन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है।
ब्लॉक क्षेत्र की जमूरपुर, त्रिपुरारपुर, सिजनी सोहरामऊ, भदनांग, पकराबुजुर्ग, मुरैता नवीन समेत 27 ग्राम पंचायतों में दिसंबर 2025 में 102 आवास स्वीकृत हुए थे। चार माह बीतने के बाद मात्र 40 आवास ही पूर्ण हो सके हैं। सात फरवरी को समीक्षा में यह स्थिति सामने आई थी। बीडीओ डॉ. संतोष श्रीवास्तव ने एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत आवास पूर्ण कराने के निर्देश दिए थे। उन्होंने प्रत्येक साप्ताहिक बैठक और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भी संबंधितों को लगातार निर्देश दिए। इसके बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं हुई।
इसे घोर लापरवाही मानते हुए यह कार्रवाई की गई है। बीडीओ डॉ. संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि संबंधित सचिवों को तीन दिन में प्रगति बेहतर करने को कहा गया है। शीघ्र ही आवासों का निर्माण पूर्ण न होने की दशा में कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।