नवाबगंज। अजगैन से हसनगंज के बीच पिछले तीन वर्षों से चल रहा 33 केवी लाइन का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। लगभग 20 किलोमीटर लंबी इस लाइन के शुरू होने से क्षेत्र में बिजली संकट और अघोषित कटौती से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। बुधवार को इस लाइन शुरू कर दिया जाएगा।
भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पुनर्गठित वितरण क्षेत्र परियोजना के तहत अजगैन से हंसनगज के बीच बंद पड़ी 33 केवी लाइन में कुल 347 विद्युत पोल लगाए गए हैं। इनमें 93 पोल पहले के लगे हुए थे, जबकि 254 नए पोल लगाए गए हैं। एसडीओ रुद्र प्रताप ने बताया कि इस लाइन के चालू होने से अजगैन पावर हाउस पर पड़ रहा 33 केवी लाइन का अत्यधिक लोड कम किया जा सकेगा। इससे फॉल्ट और ब्रेकडाउन में कमी आएगी। एसडीओ ने अपील की है कि सुरक्षा की दृष्टि से कोई भी व्यक्ति पोल या उससे जुड़े किसी भी तार को हाथ न लगाए, और न ही अपने मवेशियों को पोल के पास जाने दें। उन्होंने बताया कि बुधवार से यह लाइन शुरू हो जाएगी।