फोटो-21- निरीक्षण के दौरान स्टाफ से जानकारी लेती प्रदेश स्तरीय टीम। संवाद
सफीपुर। प्रदेश स्तरीय टीम ने सीएचसी के अलावा तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सकहन राजपूतान का कच्चा रास्ता देखकर टीम ने चिंता जताई। जांच में टीम को कहीं पर जांच मशीन न होने तो कहीं टेक्नीशियन न होने की समस्या मिली।
अधीक्षक डॉ. रामसहोदर के साथ डॉ. अविनाश यादव और डॉ. अजीत सिंह पीएचसी बारी खेड़ा पहुंचे। यहां डाॅ. जकारिया और फार्मासिस्ट गिरजेश कुमार मिले। यहां सीबीसी जांच मशीन की आवश्यकता बताई गई। रूपपुर चंदेला में डॉ. नंदनी व फार्मासिस्ट प्रमोद उत्तम मिले। उनसे जानकारी ली गई। इसके बाद टीम सकहन राजपूतान पहुंची। वहां कच्चा रास्ता देखकर चिंता जताते हुए टीम ने कहा कि बारिश के दिनों में मरीज यहां कैसे पहुंच पाते होंगे। अस्पताल में मौजूद डाॅ. रजनी सिंह व डाॅ. रिम्मी के अलावा फार्मासिस्ट राजकुमार मिले।
सीएचसी के निरीक्षण के दौरान डाॅ. बृजेश सिंह से मरीजों की संख्या व अधिकांश किस समस्या ग्रसित मरीज आते हैं इसकी जानकारी ली। यहां अल्ट्रासाउंड मशीन होने के बावजूद टेक्नीशियन न होने की समस्या बताई गई। एक्सरे टेक्नीशियन अदिति सिंह से आने वाले मरीजों की संख्या पूछी। महिला अस्पताल में डाॅ. ऋचा श्रीवास्तव व नर्स सरिता देवी से प्रसव संख्या पूछ रजिस्टर देखा, प्रसव के बाद भर्ती मरीजों से बात की।
इमरजेंसी वार्ड में नर्स सरिता से ईसीजी के संबंध में जानकारी ली। टीम ने दवा भंडारण कक्ष में चीफ फार्मासिस्ट ओमनारायण से निकट एक्सपायरी दवा के संबंध में जानकारी ली। साथ ही अलग बनाई गई रैक देखी और इसका ब्योरा रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए। टीम लीडर डाॅ. अविनाश यादव ने बताया कि कही सड़क तो कही जांच मशीन न होने की कमी मिली है। रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।