फोटो-31-कचहरी के पास पोल शिफ्टिंग का काम करते श्रमिक। संवाद
उन्नाव। बिजली पोल शिफ्टिंग के चलते छह क्षेत्रों की बिजली आठ घंटे बिजली गुल रही। हालांकि छह घंटे की कटौती की सूचना दी गई थी लेकिन तय समय से दो घंटे ज्यादा कटौती होने से ठंड के बीच लोग परेशान हुए।
कब्बाखेड़ा उपकेंद्र से जुड़े 11 केवी कचहरी फीडर के पोल शिफ्टिंग का कार्य रविवार को होना प्रस्तावित था। सुबह दस बजे से काम शुरू हुआ। इसके चलते मोहल्ला बंधूहार, कचहरी, रामपुरी, केवटा तालाब, सिविल लाइन व कब्बाखेड़ा तिराहा क्षेत्र की सप्लाई बंद कर दी गई। एक ही पोल से एलटी व एचटी लाइन के तार निकले थे।
नई जगह पोल लगाने और दोनों लाइनों के तार लगाने के चलते समय ज्यादा लग गया। पहले आपूर्ति बहाल करने का समय चार बजे था लेकिन पोल शिफ्टिंग व लाइन बिछाने का कार्य छह बजे तक चला। कब्बाखेड़ा जेई धर्मनाथ प्रसाद ने बताया कि पोल लगाने व लाइन बिछाने में दो घंटे का समय ज्यादा लग गया। शाम छह बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई थी।