नवाबगंज। मेडिकल कॉलेज में शनिवार को नर्सिंग की छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप को लेकर हंगामा हुआ था। रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार कॉलेज खुलते ही प्रबंधन ने सीनियर छात्रों का शीतकालीन अवकाश घोषित कर दिया। हालांकि छात्र-छात्राएं पहुंचे और आरोपी डॉक्टर को हटाने और परेशान न करने के लिखित आश्वासन की मांग करने लगे। एसडीएम व सीओ ने प्रबंधन से वार्ता कर लिखित आश्वासन दिलाया तब मामला शांत हुआ। उधर, पीड़ित छात्रा के परिजनों व छात्रों से हाथापाई करने वाले सोहरामऊ थानाध्यक्ष संदीप शुक्ला को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है।
सोहरामऊ स्थित श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज में नर्सिंग की एक छात्रा ने मेडिकल सुपरिटेंडेंट (एमएस) पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। इस शिकायत पर आरोपी पर कार्रवाई के बजाय प्रधानाचार्य को हटाए जाने से उग्र हुए छात्र-छात्राओं ने शनिवार का प्रदर्शन किया था। पुलिस के पहुंचने के बाद छात्रा के परिजनों ने आरोपी चिकित्सक से मारपीट की थी। इस पर पुलिस ने पीड़ित छात्रा के चाचा की पिटाई कर दी थी।
रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार कॉलेज पहुंचे छात्र पहुंचे तो उन्हें शीतकालीन अवकाश की जानकारी दी गई। हालांकि छात्र-छात्राओं ने प्रबंधतंत्र से आरोपी डॉक्टर को हटाने व भविष्य में छात्रों को परेशान न किए जाने के लिखित आश्वासन की मांग शुरू कर दी। कोई जवाब न मिलने पर छात्र परिसर में बैठ गए। सूचना पर एसडीएम हसनगंज प्रज्ञा पांडेय व सीओ अरविंद चौरसिया कॉलेज पहुंचे। प्रबंधन से वार्ता कर छात्र-छात्राओं को लिखित आश्वासन दिया गया। इसके बाद मामला शांत हुआ। बताया गया कि विशाखा कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद आरोपी डॉक्टर पर कार्रवाई की जाएगी। उधर एसपी जय प्रकाश सिंह ने छात्रा के परिजनों से मारपीट के मामले में सोहरामऊ थानाध्यक्ष संदीप शुक्ला को लाइन हाजिर कर दिया है।
एबीवीपी ने दी आंदोलन की दी चेतावनी
छात्रों के हंगामे के मामले में सोमवार को एबीवीपी के प्रांत सहमंत्री विकास दीप, संगठन मंत्री शिवा अवस्थी, जिला संयोजक योगेश तिवारी कार्यकर्ताओं के साथ कॉलेज पहुंचे। उनके साथ आरोप लगाने वाली छात्रा के परिजन भी थे। इस दौरान कॉलेज का गेट नहीं खोला गया। संगठन ने छात्रों से कहा कि प्रबंधन ने कमेटी की रिपोर्ट पर कार्रवाई की बात कही है। तीन दिन में छात्रा के साथ न्याय नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन करेगा।