सफीपुर। स्वयं सहायता समूह की संचालिका ने चालक पर लोडर और 50 हजार रुपये लेकर भाग जाने का आरोप लगाया है। बताया कि रोकने की कोशिश पर वह टक्कर मारते हुए भाग गया। उनको मियागंज सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
आसीवन थाना के औराई गांव निवासी पिंकी देवी (45) ने बताया कि वह स्वयं समूह की अध्यक्ष हैं। क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों पर पुष्टाहार की आपूर्ति करती हैं। इसके लिए लोडर भी है। कस्बा रसूलाबाद निवासी चालक के कार्य से संतुष्ट न होने पर 15 दिन पहले हटा दिया था। दो दिन वह वेतन के बकाया पैसे मांगने आया था। उसे देने के लिए सोमवार को रसूलाबाद के छोटेलाल के साथ लोडर से जाकर रिश्तेदार से 40 हजार रुपये उधार लेकर आई। दस हजार रुपये खाते से हैदराबाद में जनसेवा केंद्र से निकाले जो लोडर में ही रख लिए थे।
पिंकी का आरोप है कि सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे औराई स्थित पोषाहार प्लांट पर पहुंचकर चालक छोटे लाल पंजीरी, दाल, दलिया, तेल आदि सामान उतार रहा था। तभी पूर्व चालक पहुंचा और लोडर को स्टार्ट कर ले जाने लगा। रोकने की कोशिश की तो उन्हें टक्कर मारी और पहिया कमर पर चढ़ाते हुए लोडर और उसमें रखे 50 हजार रुपये लेकर भाग गया। घायल पिंकी को ग्रामीणों ने सीएचसी मियागंज पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि जानकारी मिली है। जांच की जा रही है।