गंजमुरादाबाद। मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के दुल्लापुरवा निवासी युवक की मौत हो गई थी। शनिवार को शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। दोपहर बाद परिजनों ने नानामऊ घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दुल्लापुरवा निवासी मनोज कुमार (27) की 23 अक्तूबर को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र में बाइक डिवाइडर से टकराने से मौत हो गई थी। भाई चंद्रशेखर ने बताया कि मनोज घर के बाहर गुमटी में परचून की दुकान चलाते थे। फर्रुखाबाद में रिश्तेदार के घर जाते समय 23 अक्तूबर को वह हादसे का शिकार हो गए। शनिवार की सुबह शव घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। दोपहर बाद शव का अंतिम संस्कार नानामऊ घाट पर कर दिया गया। मनोज चार भाईयों में सबसे बड़े थे। उनकी मौत से पत्नी शशी और मां चंदाकली बेटी ममता, बेटे पियूष व निखिल समेत परिजन बेहाल हैं।
बांगरमऊ कोतवाल चंद्रकांत सिंह ने बताया कि दुल्लापुरवा निवासी युवक की एक्सप्रेसवे पर मैनपुरी में सड़क हादसे में मौत हुई थी। शनिवार को परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।