नवाबगंज। कोतवाली पुलिस ने चोरी की साजिश रच रहे तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। तीनों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अजगैन कोतवाली के एसएसआई मोर मुकुट पांडेय पुलिस टीम के साथ नवई-मकूर मार्ग पर धाराखेड़ा गांव के पास सोमवार की सुबह चोरी की साजिश रच रहे तीन बदमाशों को घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी में इनके पास से सब्बल, छोटी छैनी, हथौड़ी और टॉर्च बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार शातिरों में लखनऊ के थाना नगराम के रसूलपुर गांव निवासी जितेंद्र कुमार (28) व सर्वेश कुमार (25) और अजगैन कोतवाली क्षेत्र के इटकुटी गांव निवासी लवकुश (24) हैं।
कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि जितेंद्र पर लखनऊ के मोहनलाल गंज और निगोहा में, सर्वेश पर नगराम और मोहनलाल गंज थाना क्षेत्रों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। लवकुश पर भी अजगैन में लूट और डकैती करने वालों का साथ देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज है। सभी को जेल भेजा गया है।
कार की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र घायल
सफीपुर। आसीवन थाना क्षेत्र के हाथीखेड़ा गांव निवासी अनिल कुमार (32) सोमवार को बेटे अर्पित (6) की दवा लेने सफीपुर आया था। दोपहर में लौटते समय कोतवाली क्षेत्र में बारीथाना मार्ग शारदा नहर पुलिया के पास कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में घायल पिता-पुत्र को राहगीरों ने सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने गंभीर हालत देखकर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चालक को कार समेत पकड़ लिया गया। (संवाद)