फोटो-2- उर्स मेले में खरीदारी करते लोग। स्रोत: पाठक
गंजमुरादाबाद। नगर स्थित दरगाह हजरत फजले रहमां का 134वां उर्स अकीदत व एहतराम के साथ मनाया गया। इस मौके पर आयोजित ऑल इंडिया नातिया मुशायरे में आलिमों और शायरों ने कलाम पेश किए। अमन चैन और तरक्की की दुआ मांगी।
दरगाह के सज्जादानशीं हजरत मारूफुर्रहमान की सरपरस्ती में आयोजित उर्स में सोमवार रात को बाद नमाज ऑल इंडिया नातिया मुशायरा हुआ। मंगलवार की सुबह से शाम तक चार कुल शरीफ हुए। जिसमें शाम करीब 5:30 बजे हजरत फजले रहमा का 134 वां कुल शरीफ हुआ। कुल शरीफ में काफी तादाद में मुरीदों व अकीदतमंदों ने शिरकत की और मुल्क में अमन चैन, तरक्की की दुआएं मांगी। मेहमानों के लिए (लंगर) खाने-पीने का भी इंतजाम किया गया। इस मौके पर रिजवानुर्रहमान, पप्पू मियां, गुलाम रब्बानी मियां, सूफी मियां, कल्लू मियां, इरफान मियां, यासिर मियां, मौलाना इब्राहिम अब्र, फजल नजीर समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
मेले में बच्चों ने उठाया झूलों का लुत्फ
उर्स के मौके पर दरगाह के आसपास बड़ा मेला भी लगा। इसमें खाने पीने के साथ ही घर उपयोगी सामग्री की दुकानें लगी, जिन पर खरीददारों की भीड़ रही। साथ ही मेले में लगे विभिन्न प्रकार के झूलों का बच्चों ने लुत्फ उठाया।