फोटो- 11-मैच के दौरान बल्लेबाजी करते खिलाड़ी। संवाद
सफीपुर। मियागंज ब्लॉक के सुब्बाखेड़ा स्थित मैदान में सोमवार को क्रिकेट प्रतियोगिता के लीग मैचों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए दो लीग मैचों में मुबीन इलेवन और ईशू इलेवन ने शानदार जीत दर्ज की। दोनों टीमों के खिलाड़ियों को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का पहला मैच अधिराज इलेवन और ईशू इलेवन के बीच खेला गया। बल्लेबाजी करते हुए अधिराज इलेवन ने निर्धारित आठ ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 116 रन बनाए। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईशू इलेवन ने मात्र 5.2 ओवर में एक विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। ईशू इलेवन की ओर से खेलते हुए अमन ने सर्वाधिक 57 रन बनाए, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।
दिन का दूसरा लीग मैच मुबीन इलेवन और ईशू इलेवन के बीच आयोजित हुआ। मुबीन इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित आठ ओवरों में दो विकेट के नुकसान पर 179 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए रग्घू और सुमित ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 63-63 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए ईशू इलेवन की टीम निर्धारित ओवरों में छह विकेट खोकर केवल 122 रन ही बना सकी। इस प्रकार मुबीन इलेवन ने यह मैच 57 रनों के अंतर से जीत लिया। बल्लेबाज रग्घू को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस अवसर पर आयोजक प्रवीण रावत, राम क्लेश और दिपांशु कनौजिया उपस्थित रहे।