फोटो-20-आवास विकास कॉलोनी स्थित वृंदावन पार्क का लोकार्पण करतीं नगर पालिका अध्यक्ष। स्रोत: कर्म
उन्नाव। नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने मंगलवार को आवास विकास स्थित वृंदावन पार्क का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि हरित विकास हमारे शहर की प्राथमिकता है। ऐसे ही पार्कों का सुंदरीकरण का प्रयास जारी रहेगा।
नगर पालिका की ओर से शहर के आवास विकास कॉलोनी स्थित वृंदावन पार्क का सुंदरीकरण कराया गया है। पार्क में आकर्षक टायल्स, बैठने के लिए बेंच,सोलर लाइट और स्वच्छता के लिए जगह- जगह डस्टबिन रखवाए गए हैं। मंगलवार शाम नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने फीता काटकर पार्क का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि नगर पालिका नागरिकों के लिए स्वस्थ, आकर्षक और आधुनिक वातावरण देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। हम चाहते हैं कि प्रत्येक नागरिक इस पार्क का आनंद ले और इसे स्वच्छ और सुरक्षित रखे।
पार्क में दो शिलापट्ट लगवाए गए हैं। एक शिलापट्ट में आवास विकास सभासद का नाम नहीं पड़ा था। इसपर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष प्रवीण मिश्रा ने कहा कि वृंदावन पार्क का यह सौंदर्यीकरण हमारे शहर के लिए गर्व का विषय है। इस दौरान नगर पालिका ईओ संजय गौतम, सभासद अशोक सिंह मुन्ना ,आदर्श नगर सभासद राकेश साहू ,गांधी नगर सभासद दीपक दीक्षित मोनू, जवाहर नगर सभासद निशेष जायसवाल, पुरानी बाजार सभासद सतीश यादव आदि मौजूद रहे।