सफीपुर। गंगा एक्सप्रेसवे पर कार डिवाइडर से टकराने से हुई महिला की मौत मामले में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। बेटी की हालत गंभीर है। उसका लखनऊ में इलाज चल रहा है। भाई ने बताया कि मथुरा-वृंदावन के दर्शन के बाद बहन को अपनी बेटी को छोड़ने राजस्थान के वनस्थली जाना था।
बिहार गया जिले की विश्व विहार कॉलोनी निवासी अनिरुद्ध कुमार (38), बेटे बिट्टू ( 2), जीजा डॉ. सुजीत (50), बहन मीनाक्षी (47) और भांजी समृद्धि (11) के साथ कार से मथुरा वृंदावन जा रहे थे। सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर कार चला रहे अनिरुद्ध को झपकी आने से कार डिवाइडर से टकरा गई थी। हादसे में मीनाक्षी की मौत हो गई थी। अन्य लोगों को चोटें आई थीं। पोस्टमार्टम हाउस आए बड़े भाई शरतचंद्र ने बताया कि भांजी समृद्धि राजस्थान के वनस्थली में पढ़ाई करती है। वृंदावन में दर्शन करने के बाद उसे वहीं छोड़ने जाना था।
बताया कि मीनाक्षी के दो बेटे भी हैं, वह घर थे। घायल छोटा भाई अनिरुद्ध और उसकी पत्नी वंशिका अमेरिका में नौकरी करते हैं। अनिरुद्ध की पत्नी को अभी बच्चा हुआ था, इसलिए वह रुका था। वीजा बनवाने में बच्चे के कुछ कागज तैयार नहीं हो पाए थे, इसलिए वह बहन के साथ चला गया था। शरतचंद्र के मुताबिक सुजीत की हालत में कुछ सुधार है। पिता-पुत्री का लखनऊ में इलाज चल रहा है। वह शव लेकर गया स्थित घर चले गए। कोतवाल संदीप मिश्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। घायलों का लखनऊ में इलाज चल रहा है।