सफीपुर। दोस्तों के साथ राजस्थान के जयपुर की धागा फैक्टरी में काम करने गए युवक की मौत के मामले में बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इसमें हादसे की चोटों से मौत की पुष्टि हुई है।
फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र गांव नैनीखेड़ा निवासी केशन बहादुर (28) दो महीने पहले कन्नौज क्षेत्र के गांव बददापुरवा निवासी भांजे गोविंद के साथ गुजरात गया था। वहां भांजे के गांव के रामजीवन और शिवम से मुलाकात हुई। रामजीवन शिवम और केशन बहादुर को जयपुर में धागा बनाने वाली संगम फैक्टरी में काम दिलवाने ले गया था। शिवम ने 11 नवंबर को गोविंद को फोन कर बताया था कि जयपुर के रायला थानाक्षेत्र में रामजीवन ने किराये के रुपयों के विवाद में मुझे और किशन बहादुर को पीटकर घायल कर दिया। इस पर वहां पहुंची पत्नी शर्बती और बहन सुधीरा वहां से केशन बहादुर को एंबुलेंस से उन्नाव ला रही थीं। रास्ते में माैत हो गई। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम हुआ। कोतवाल संदीप मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम में सिर की हड्डियां टूटी मिलने के साथ एक साइड में आठ चोटें मिली हैं। दोनों घुटने में भी चोट मिली है।