अचलगंज। हड़हा गांव में शराब पीने के दाैरान हुए विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या में मंगलवार को आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। हरकत में आई पुलिस ने आनन-फानन दोनों की गिरफ्तारी कर ली। इसमें से एक को अदालत में पेश कर जेल भेजा है। दूसरे आरोपी को बुधवार को भेजा जाएगा।
अचलगंज थानाक्षेत्र के गंगा कटरी में स्थित तिघरा गांव निवासी सरवन (18) पुत्र छोटेलाल की 14 नवंबर को हड़हा बाजार स्थित शराब ठेके के पास गांव के सुनील और चंदन ने शराब के नशे में हुए विवाद के बाद सुनील ने सरवन के पेट में चाकू से वार कर घायल कर दिया था। रविवार देर रात इलाज के दौरान उसकी निजी अस्पताल में माैत हो गई थी। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। शाम को परिजनों ने अंतिम संस्कार नहीं किया।
मंगलवार सुबह यह कहकर मना कर दिया कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इस पर पुलिस हरकत में आई और आरोपी सुनील को आनन-फानन गिरफ्तार कर लिया। तब परिजन शांत हुए और बलाई घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। देर शाम पुलिस ने दूसरे आरोपी चंदन को भी गिरफ्तार कर लिया है
थानाध्यक्ष सुब्रतनारायण त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी सुनील पर अचलगंज के अलावा गंगाघाट थाने में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। न्यायालय ने उसे छह महीने के लिए जिला बदर किया था, लेकिन छिपकर यहीं रह रहा था। आरोपी को जेल भेजा गया है। दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। बुधवार को उसे अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा।