विनोद सिंह उर्फ बब्बी (फाइल फोटो)
चकलवंशी। ईंट भट्ठे पर पर तैनात चौकीदार की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मुनीम के भाग जाने और मुंह से झाग निकलने से परिजनों ने हत्या का शक जताया। पुलिस ने जांच की और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई आश्वासन दिया।
माखी थानाक्षेत्र के बौनामऊ गांव निवासी विनोद सिंह उर्फ बब्बी (45) एक ईंट भट्ठा पर श्रमिक के साथ चौकीदारी का काम करते थे। मंगलवार शाम करीब चार बजे विनोद की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। चचेरे भाई प्रभाकर सिंह ने बताया कि करीब 12 साल से वह गांव से एक किमी दूर अजय भट्ठा पर चौकीदारी के साथ मजदूरी भी करते थे। वहां काम करने वालों के अनुसार दोपहर को विनोद की तबीयत सही नहीं थी। इस पर मुनीम ने तख्त पर लेटने के लिए कहा। तख्त पर लेटने के कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई। मुंह से झाग भी निकल रहा था।
बेटे का आरोप था कि भट्ठा पर काम करने वाले कर्मचारियों ने सूचना नहीं दी। ग्रामीणों से मौत की खबर मिली। जब तक हम लोग पहुंचते मुनीम भी वहां से भाग गए थे। बताया कि मां की करीब पांच साल पहले मौत हो गई थी। उसके बाद से पिता भट्ठे पर ही अपना समय बिताया करते थे। मृतक की बेटी मनीषा है, उसकी शादी हो चुकी है।
थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बुधवार को रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विनोद सिंह उर्फ बब्बी (फाइल फोटो)