गंजमुरादाबाद। पुलिस गिरफ्त में हत्यारोपी पिता ने बताया कि उसे बेटे की हत्या का कोई पछतावा नहीं है। एक साल पहले उसके द्वारा की गई मारपीट का हम लोगों ने बदला लिया है। बताया कि बेदखली के बाद भी वह जबरन घर में कब्जा किए था। पुलिस ने हत्यारोपी पिता और बेटे को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के कस्बा गंजमुरादाबाद के मोहल्ला खत्रियाना निवासी दिलशाद मोची उर्फ पप्पू (35) की बुधवार को घर के बंटवारे को लेकर हुई हत्या में पुलिस ने हत्यारोपी पिता मुर्तजा और उसके बेटों को हरदोई के बिलग्राम से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में पिता ने बताया कि दिलशाद ने एक साल पहले उसे और अपने भाइयों को पीटा था। पूरे परिवार में वह ताकतवर भी था। इस कारण कोई उसका कुछ नहीं कर पाता था। बुधवार को जब घर में दाखिल हुआ तो अकेला था। उसकी पत्नी और बच्चा ई-रिक्शे में बैठे थे। जैसे ही अंदर आया दिव्यांग बेटे इरशाद ने उसके दोनों पैर पकड़ लिया। उसने छुड़ाने का प्रयास किया तो उसके सिर पर पिता ने डंडा मार दिया। इससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद वह उठा और भागने लगा, तब अन्य बेटों ने धारदार औजार से वार कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस की मौजूदगी में देर शाम शव को गंजमुरादाबाद स्थित कब्रिस्तान में दफन किया गया।
कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि हत्यारोपी पिता और दिव्यांग भाई को जेल भेजा गया है। आला कत्ल भी बरामद हो गया है। घटना में शामिल तीन अन्य आरोपियों से अभी पूछताछ की जा रही है।
धारदार औजार से किए थे सात वार
गंजमुरादाबाद। दिलशाद की हत्या में पुलिस ने बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। इसमें धारदार हथियार से सिर, सीने में दाहिनी ओर और दोनों हाथों में सात वार मिले हैं। यही नहीं दाहिनी ओर का फेफड़ा भी फट गया था। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो पत्नी और अन्य परिजन बेहाल हो गए। सुरक्षा के मद्देनजर पहले से गांव में पुलिस तैनात की गई थी। शाम करीब पांच बजे शव कब्रिस्तान में दफन होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
पति की मौत से पत्नी पर बेटे पर आर्थिक संकट
गंजमुरादाबाद। दिलशाद की शादी तीन साल पहले कानपुर देहात के कस्बा रसूलाबाद निवासी सूफिया बानो से हुई थी। दिलशाद लोडर चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। अब उसकी हत्या के बाद पत्नी और बच्चे पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। हत्यारोपी पिता और भाई पुलिस हिरासत में होने से पत्नी के मायके वालों ने ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की। पत्नी सूफिया बानो पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार शकील के घर पर बच्चे के साथ रह रही है।
हत्यारोपी पिता मुर्तजा मोची। स्रोत पुलिस
हत्यारोपी पिता मुर्तजा मोची। स्रोत पुलिस