फैक्टरी गेट के बाहर खड़ी महिलाएं। स्रोत: वीडियो
सोनिक। दही क्षेत्र के चांदपुर स्थित पशु आहार बनाने वाली फैक्टरी के गेट पर ग्रामीणों ने हंगामा किया। काफी देर बाद भी गेट न खुलने पर लौट गए। ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्टरी से निकलने वाले पानी से फसल खराब हो रही है।
चांदपुर के ग्रामीण बुधवार को डंडे लेकर पशु आहार बनाने वाली फैक्टरी के गेट पर पहुंच हंगामा करने लगे। एक घंटे तक चले हंगामे के बाद भी गार्ड ने गेट नहीं खोला। ग्रामीणों का आरोप है कि पशु आहार बनाने वाली फैक्टरी और पास ही स्थित स्लाटर हाउस से निकलने वाला पानी खेतों में जा रहा है। इससे धान की फसल खराब हो गई।
दोनों फैक्टरियों में शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कार्यालय में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई। बगल मृत मवेशियों के अवशेष फेके जाते हैं, दुर्गंध से पूरा गांव परेशान है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी शशि बिंदकर ने बताया कि प्रकरण की जानकारी नहीं। पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।दही थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि हंगामे की सूचना नहीं है।