हसनगंज (उन्नाव)। चिरियारी गांव के बाहर आम के बाग में भाजपा के बूथ अध्यक्ष का शव रस्सी के फंदे से लटका मिला। भााई ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम से भी जांच कराई। पैंट की जेब में एंड्रॉयड फोन और जमीन पर मिले की-पैड मोबाइल को पुलिस कब्जे में लेकर उसका डेटा खंगाल रही है।
हसनगंज कोतवाली के चिरियारी गांव निवासी अतुल रावत (27) पुत्र लल्लू रावत भाजपा का बूथ अध्यक्ष था। एक सहज जनसेवा केंद्र संचालक से संपर्क कर ब्लॉक के काम करता रहता था। मंगलवार की शाम करीब पांच बजे बाइक लेकर घर से बिना बताए निकल गया लेकिन रात में घर नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार सुबह गांव से करीब 800 मीटर दूर छेद्दू के आम के बाग में रस्सी के फंदे से ग्रामीणों ने शव लटका देखा। शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की।
बड़े भाई दीपक रावत ने हत्या का आरोप लगाते हुए डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम बुलाने के बाद ही शव फंदे से उतारने की बात कही। कोतवाल ने आनन-फानन दोनों टीमें बुलाईं। जांच के दौरान घटनास्थल से 100 मीटर दूर उसकी बाइक खड़ी मिली। जामा तलाशी में पैंट की जेब से एंड्रॉयड फोन और जमीन पर की-पैड फोन पड़ा मिला। करीब दो घंटे तक दोनों टीमों ने जांच की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इसमें हैंगिंग की पुष्टि हुई है। बेटे की मौत से मां दुलारा और अन्य परिजन बेहाल हैं। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
कोतवाल शरद कुमार ने बताया कि युवक का शव फंदे से लटका मिला है। परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार रात 7:01 बजे तक मोबाइल पर ऑनलाइन
बड़े भाई दीपक ने बताया कि मंगलवार शाम पांच बजे उसके घर से जाने के बाद रात 7:01 बजे उसका मोबाइल भी ऑनलाइन दिखा। उसके बाद मोबाइल बंद हो गया। कुछ पता न चलने पर रात में ही पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस समय रहते सीडीआर निकलवाती तो शायद भाई की जान बच जाती।
अतुल रावत (फाइल फोटो)