जाम लगाए लोगों से बात करतीं एसडीएम शालिनी सिंह तोमर। संवाद
नवाबगंज। हड्डी गोदाम मोहल्ले में बारिश से हुए जलभराव से नाराज लोगों ने सोमवार की शाम अजगैन-जनसार मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण नहीं माने। अधिकारियों को बुलाने पर अड़ गए। एसडीएम, सीओ सहित अन्य अधिकारी पहुंचे। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि तीन विभागों की संयुक्त टीम जांच करेगी और स्थायी समाधान कराया जाएगा। फिलहाल पंपिंग सेट लगाकर पानी निकाला जा रहा है।
अजगैन ग्राम पंचायत हड्डी गोदाम मोहल्ले में तीन दिन की बारिश से जलभराव हो गया है। स्थिति यह है कि मोहल्लेवासियों का निकलना दूभर हो रहा है। इससे नाराज लोगों ने सोमवार शाम तीन बजे अजगैन-जनसार मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर अजगैन कोतवाल सुरेश सिंह मौके पर पहुंचे और समझाने का प्रयास किया। उग्र ग्रामीण समस्या के स्थायी समाधान की मांग पर अड़ गए। तब एसडीएम हसनगंज शालिनी सिंह तोमर, सीओ तेज बहादुर सिंह, तहसीलदार कीरत सेन, नायब तहसीलदार आशीष कुमार और पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता प्रफुल्ल श्रीवास्तव सहित अन्य कर्मचारी पहुंच गए।
अधिकारियों ने जाम लगाए लोगों से जलभराव की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि अजगैन-जनसार मार्ग पर बनी पुलिया के पास अतिक्रमण होने से मोहल्ले का पानी आगे नहीं निकल पा रहा है। इससे बारिश के बाद जलभराव हो जाता है। स्थायी समस्या की मांग पर एसडीएम ने जल्द कार्रवाई की बात कही। तब शाम 4:30 बजे जाम खुला। एसडीएम ने बताया कि जलभराव की तत्काल समस्या के लिए पंपिंग सेट लगाकर पानी की निकासी कराने के लिए निर्देश दिए गए। सिंचाई, पीडब्ल्यूडी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम जलभराव वाले क्षेत्र का सर्वे करेंगी। रिपोर्ट के आधार पर समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्य कराए जाएंगे।