मौरावां। भगावनथोक मोहल्ले में कुछ दिन पहले पेड़ से गिरकर घायल युवक की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। पिता की मौत के कुछ देर बाद ही बीमार बेटी ने भी दम तोड़ दिया। पिता-पुत्री की मौत से लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
मौरावां थानाक्षेत्र के गांव मवई के मोहल्ला भगावनथोक निवासी श्यामबाबू (30) 13 अगस्त को गांव के ही राधेश्याम ठेकेदार के साथ लकड़ी कटाई के काम से गए थे। वह पेड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे लखनऊ के केजीएमयू में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को शव गांव पहुंचा तो मां बिंदादेई, पत्नी बिटोल सहित अन्य परिजन बेहाल हो गए। परिजन 17 अगस्त को पहले से दर्ज मामले में धाराएं बढ़ाने की पुलिस से मांग करने लगे। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। परिजन अभी अर्थी उठा भी न बताए थे कि श्यामबाबू की बीमार बेटी अल्लो (10) की भी हालत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाने से पहले उसने भी दम तोड़ दिया। पिता-पुत्री की मौत से परिजन बेहाल हो गए। दोनों के शवाें का खेत में परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
थानाध्यक्ष कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों शवों का खेत में अंतिम संस्कार किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।