पुरवा। नौगंवा गांव में शुक्रवार की रात हिमाचल प्रदेश से घर लौटा युवक दो घंटे बाद छत पिलर में लिपटे बिजली की केबल में जूते के फीते के सहारे लटका मिला। जन्माष्टमी की पूजा के बाद बहन प्रसाद देने गई तो घटना का पता चला।
पुरवा कोतवाली क्षेत्र के नौगंवा गांव निवासी वासुदेव का बेटा राहुल (26) हिमाचल प्रदेश में काम करता था। भाई रजनेश ने बताया कि जन्माष्टमी पर शुक्रवार की रात करीब 9:30 बजे वह घर लौटा था। घर के सामने मटकी फोड़ने का कार्यक्रम चल रहा था। रात करीब 12:30 बजे बहन राहुल को प्रसाद देने गई। नीचे के कमरों में न दिखने पर छत पर चली गई। वहां पिलर पर पड़े लेंटर में लिपटे बिजली के केबल में जूते के फीते के सहारे लटका मिला।
जिंदा होने की उम्मीद पर सीएचसी लेकर गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बताया कि उसकी शादी नहीं हुई थी। वह सात भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। बेटे की मौत से मां रानी, पिता सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। कोतवाल भवन सिंह मौर्य ने बताया कि शुक्रवार रात ही वह हिमाचल से घर आया था। दो घंटे बाद उसने फांसी लगा दी। पोस्टमार्टम में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता पाए हैं। मोबाइल कब्जे में लिया गया है।