सफीपुर। नशेड़ी युवक ने पांच माह की गर्भवती पत्नी को डंडे से पीटने लगा। युवक की मां ने बहू को बचाने का प्रयास किया तो उसने मां को भी पीटकर घायल कर दिया। मां ने बेटे के खिलाफ तहरीर दी है।
सीएचसी में दोनों का इलाज चल रहा है। फतेहपुर चौरासी थाना व कस्बा निवासी अंजना (60) ने बताया कि मंगलवार दोपहर बेटा कमलेश नशे की हालत में घर आया। पांच महीने की गर्भवती बहू लीलावती (25) ने विरोध किया तो कमलेश आपा खो बैठा और उसे पीटने लगा। बहू को पिटता देख वह बचाने पहुंची तो बेटे ने मां को भी डंडों से पीटा। घटना में सास-बहू दोनों को चोटें आईं हैं। घटना के बाद आरोपी बेटा मौके से भाग निकला। मां ने बताया कि बेटा अक्सर यही हरकत करता है, इससे हम लोग परेशान हो चुके हैं। पीड़ित मां ने बेटे के खिलाफ ऊगू चौकी में तहरीर दी है।
ऊगू चौकी इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि मामला जानकारी में आया है। मारपीट के बाद आरोपी भाग गया है, उसकी तलाश की जा रही है।