बागरमऊ। माढ़ापुर-बांगरमऊ मार्ग पर बुधवार की देर शाम बाइक और ई-रिक्शा की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार किसान की मौत हो गई।
फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के माखनखेड़ा गांव निवासी रामसिंह (30) खेती करते थे। बुधवार की शाम रामसिंह बाइक से घर जा रहे थे। कल्याणी नदी पुल से आगे बढ़ते ही माढ़ापुर की ओर से आ रहे ई-रिक्शा से बाइक की टक्कर हो गई। इसमें रामसिंह को गंभीर चोटें आईं। उन्हें बांगरमऊ सीएचसी ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रामसिंह ने अस्पताल में बृहस्पतिवार सुबह दम तोड़ दिया। हादसे के वक्त हेलमेट पहना हुआ था। इस हादसे में ई-रिक्शा चालक राजू को भी चोटें आईं जिसका सीएचसी में इलाज हुआ है। रामसिंह की मौत से पत्नी लक्ष्मी और बच्चे राजू, कन्हैया, आनंदी, गुनगुन बेहाल हैं। कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।