सफीपुर। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर फतेहपुर गांव के पास प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की चपेट में बाइक सवार दंपती आ गए। मांझे ने पहले युवक के गले को काटा फिर उसकी पत्नी के बाएं पैर की अंगुली काट दी। राहगीरों ने दोनों की लहूलुहान हालत में स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। बाद में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के हयासपुर गांव निवासी विक्रम (23) पुत्र राधेश्याम, पत्नी शिवानी (21) के साथ बाइक से शुक्रवार शाम करीब छह बजे उन्नाव जाने के लिए निकले थे। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव फतेहपुर के पास चाइनीज मांझा अचानक से विक्रम के गले में लिपटा और गर्दन को काट दिया। उसके बाद वही मांझा साथ रही शिवानी की बाएं पैर की अंगुली में लिपट गया और उसे काट दिया। इससे दोनों लहूलुहान हो गए। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने दंपती को लहूलुहान देख एंबुलेंस से स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि पतंग कटने के बाद मांझा गले में लिपटा।
कोतवाल संदीप मिश्र ने बताया कि अभी जानकारी में आया है। दुकानों में चेकिंग अभियान चलेगा। घायल तहरीर देते हैं तो मांझा कहां से आ सकता है इसकी भी जांच कराई जाएगी।