उन्नाव। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्रों की होने वाली कंपार्टमेंट और इंप्रूवमेंट परीक्षा की निगरानी प्रयागराज स्थित बोर्ड से भी ऑनलाइन की जाएगी। इसके लिए डीआईओएस ने जीआईसी प्रधानाचार्य को कनेक्टिविटी चेक कर उसे सही रखने के निर्देश दिए हैं। कहा कि परीक्षा की तैयारी पहले ही पूरी कर ली जाएं।
28 जुलाई को होने वाली कंपार्टमेंट और इंप्रूवमेंट परीक्षा में मात्र चार दिन शेष बचे हैं। परीक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न हो, इसके लिए बोर्ड परीक्षा की तर्ज ही पर यह परीक्षा कराने की तैयारी है। डीआईओएस सुनीलदत्त ने बताया कि दो पालियों में होने वाली परीक्षा के लिए जीआईसी शहर को केंद्र बनाया गया है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो से शाम 5:15 बजे तक होगी। दोनों पालियों में 199 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। हाईस्कूल में 64 और इंटरमीडिएट के 135 छात्र परीक्षा देंगे। परीक्षा की निगरानी क लिए डीआईओएस कार्यालय में भी कंट्रोल रूम बनेगा। इसके अलावा प्रयागराज से भी निगरानी होगी। केंद्र पर एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट के साथ केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती होगी। प्रधानाचार्य को सीसीटीवी कनेक्टिविटी सही रखने के निर्देश दिए गए हैं।