उन्नाव। यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 में होने वाले केंद्र निर्धारण से 67 स्कूलों को बाहर कर दिया गया है। ऐसा इसलिए कि प्रधानाचार्यों ने स्कूल की आधारभूत संरचना भरने में लापरवाही दिखाई है। डीआईओएस ने ऐसे प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में जवाब मांगा है। साथ ही माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव को भी रिपोर्ट भेजी है।
डीआईओएस सुनीलदत्त ने बताया कि जिले में बोर्ड परीक्षाओं के केंद्र निर्धारण के लिए राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्तविहीन स्कूलों के प्रधानाचार्यों से स्कूलों की आधारभूत सूचना ऑनलाइन भेजने के निर्देश दिए गए थे। इसके लिए 18 और 20 जुलाई को गूगल मीट के माध्यम से, तहसील और ब्लॉक प्रभारियों द्वारा फोन से सूचना भिजवाई गई थी।
इसके बाद भी जिले के 67 स्कूलों के प्रबंधक और प्रधानाचार्यों की ओर से इसमें दिलचस्पी नहीं दिखाई गई। इसलिए इन स्कूलों को केंद्र निर्धारण की सूची से बाहर कर दिया गया है। शेष सभी स्कूलों का डाटा और सूचना न देने वाले स्कूलों की जानकारी बोर्ड को भेजी गई है। बताया कि इन 67 स्कूलों में अध्ययनरत छात्रों का बोर्ड परीक्षा केंद्र दूर आवंटित होता है तो इसकी जिम्मेदारी वे स्वयं होंगे।