बेहटामुजावर। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर अरगूपुर गांव स्थित गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन के पास सांड से बाइक टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार पिता की मौत हो गई जबकि बेटा घायल हो गया। बांगरमऊ सीएचसी में उसका प्राथमिक उपचार हुआ। वह हेलमेट लगाए था।
आसीवन थाना क्षेत्र के बहादुरखेड़ा गांव निवासी रामबिलास उर्फ मटरू (50) बेटे गुड्डू (33) के साथ बाइक से बुधवार की रात नौ बजे रिश्तेदारी में आयोजित विवाह समारोह में अरगूपुर गांव जा रहे थे। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर बेहटामुजावर थानाक्षेत्र के अरगूपुर स्थित गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन के पास अचानक आए सांड़ से बाइक टकरा गई। इससे बाइक पर पीछे बैठे रामबिलास उछलकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल गुड्डू के मुताबिक राहगीरों ने एंबुलेंस को फोन किया लेकिन वह समय पर नहीं पहुंची। बरात में आई कार बुलाने के बाद हम लोगों को बांगरमऊ सीएचसी पहुंचाया गया। डॉक्टर ने पिता रामबिलास को मृत घोषित कर दिया। बताया कि पिता खेती करते थे। पति की मौत से पत्नी पुष्पा, बेटी अंजू और अन्य परिजन बेहाल हैं। थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि मवेशी से बाइक टकराने से वृद्ध की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है।
फोटो-4- रामबिलास (फाइल फोटो)