नवाबगंज। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर रसूलपुर गांव स्थित नाले के पास मंगलवार सुबह छह बजे चालक को झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर ग्रिल से टकराकर पलट गई। गनीमत रही कार सवार लोग बाल-बाल बच गए।
बिहार थानाक्षेत्र के सुमेरपुर गांव निवासी रजनीश सोमवार को पत्नी अमिता को प्रसव पीड़ा होने पर मां रामदेवी के साथ मंगलवार सुबह कार से उन्नाव के निजी अस्पताल लेकर जा रहे थे। हाईवे पर सोहरामऊ थानाक्षेत्र के रसूलपुर गांव के नाले के पास रजनीश को झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे लगी लोहे की सेफ्टी ग्रिल से टकराकर पलट गई। हादसे में रजनीश को मामूली चोट आई। कार में बैठी मां और गर्भवती पत्नी बाल-बाल बच गई। राहगीरों ने कार को सीधा कराया। पुलिस ने घायल का प्राथमिक उपचार कराया।