औरास। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार वाहन ने श्रमिक को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। श्रमिक की मौत से साथी बेहोश हो गया।
औरास थाना क्षेत्र के जमालनगर गांव निवासी रामचंद्र (60) गांव के ही शिवकुमार (55) और राजू (40) के साथ बहराइच स्थित पार्क में घास लगाने 10 दिन पहले गए थे। बृहस्पतिवार को तीनों लोडर में बैठकर एक्सप्रेसवे के रास्ते जमालनगर आए। लोडर से उतरने के बाद गांव जाने के लिए तीनों सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान आगरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने रामचंद्र को रौंद दिया। यह देखकर राजू वहीं बेहोश होकर गिर गया। गनीमत रही कि कोई वाहन नहीं आ रहा था। साथ रहे शिवकुमार ने चेहरे पर पानी के छींटे डाले तो होश में आया। मृतक की पत्नी अनारकली ने बताया पति घास लगाने का काम करते थे। दो बेटे हैं। दोनों की शादी हो चुकी है। थानाध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। वाहन का पता लगाया जा रहा है।