सफीपुर। रास्ते से बाइक हटाने के लिए कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसमें पिता-पुत्र घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के सकहन सराय गांव निवासी लालजी दीक्षित ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम पत्नी और नौ माह की बच्ची के साथ दवा लेने कानपुर जा रहे थे। गांव में ही रास्ते में सरजूपाल की बाइक खड़ी होने से रास्ता अवरुद्ध हो गया। काफी देर तक हॉर्न बजाने के बाद भी कोई नहीं आया। इसी दौरान बाइक हटाने को लेकर अरुण पाल और सूरज पाल से कहासुनी हो गई। बच्ची की तबीयत खराब होने के कारण वहां से चले गए लेकिन कुछ दूरी पर पहुंचने पर जानकारी मिली कि पिता कमल दीक्षित से मारपीट की जा रही है। जब वह पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की।
आरोप लगाया है कि सूरज पाल ने चाकू से हमला कर पिता को घायल कर दिया जबकि अरुण पाल ने कुल्हाड़ी से वार करने का प्रयास किया। यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट में गले की रुद्राक्ष माला, सोने की चेन और जेब में रखे 4500 रुपये गिर गए। आरोपियों से जान-माल का खतरा भी जताया है। प्रभारी कोतवाल संदीप शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।