फोटो-10- थाने शिकायत करने पहुंचा मारपीट में घायल पीड़ित उपभोक्ता। संवाद
अचलगंज। जिलापूर्ति अधिकारी से गैस न मिलने की शिकायत करने पर एक उपभोक्ता को गैस एजेंसी संचालक ने पीटा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
बहुराजमऊ गांव निवासी ललितेश चौरसिया ने पुलिस को बताया कि उनकी गैस की बुकिंग 18 अप्रैल को हुई थी। 27 अप्रैल को फोन पर गैस डिलीवरी का संदेश आया। एजेंसी पहुंचने पर कर्मचारियों ने तीन दिन बाद सिलिंडर देने के लिए कहा। बताया कि लगातार पांच बार गैस एजेंसी गए लेकिन हर बार तीन दिन बाद बुलाया गया। बृहस्पतिवार को जिलापूर्ति अधिकारी एजेंसी पर आए थे। उन्होंने गैस न मिलने पर शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा था। इस पर ललितेश ने शिकायत दर्ज कराई।
अधिकारी के जाने के बाद एजेंसी संचालक ने अपने लोगों से ललितेश को अंदर बंद करा दिया। इसके बाद लात-घूसों से पीटा। थानाध्यक्ष सुब्रत नारायण त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी।