नवाबगंज। शीतलखेड़ा गांव में रुपयों और जेवर के लिए मां की हत्या करने के आराेपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बताया मांगने पर जेवर और रुपये न देने पर उसने मां का गला दबा दिया था।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के शीतलखेड़ा गांव निवासी रामदुलारी (70) की रविवार रात उसके ही बेटे लल्ला उर्फ बिंदाप्रसाद ने गला दबाकर हत्या कर दी थी। 18 मई को बड़े बेटे रामकेशन ने भाई के खिलाफ तहरीर देकर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अजगैन कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर आरोपी लल्ला उर्फ बिंदाप्रसाद को बसहापुल इटकुटी रोड पर विक्रम खेड़ा गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि मां से रुपये और जेवर कई बार मांग चुका था लेकिन वह नहीं दे रही थीं। वह झगड़ा करने लगती थीं। घटना वाले दिन भी झगड़ा किया था। इसी कारण गला दबाकर मार दिया। आरोपी को पुलिस ने अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।